
बागेश्वर न्यूज़– जिले के आरे-द्यांगण बाईपास क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नीलेश्वर मंदिर घूमने जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगर के मजियाखेत निवासी 32 वर्षीय संदीप कुमार और उनके छोटे भाई 25 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र महेश राम अपनी कार से नीलेश्वर मंदिर की ओर जा रहे थे। उनके साथ चार वर्षीय पूजा भी वाहन में सवार थी। जैसे ही वाहन आरे-द्यांगण बाईपास से आगे पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, वन विभाग के फायर वाचर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों और बच्ची को खाई से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने चार वर्षीय पूजा को मृत घोषित कर दिया। वहीं संदीप कुमार और राहुल कुमार का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मासूम बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने को हादसे की वजह माना जा रहा है


