
देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विकासनगर क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस को मौके से 9 पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो संदेश मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न, पैसों की मांग और पत्नी के कथित अफेयर जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किराए के कमरे में फांसी पर लटका मिला युवक
मृतक की पहचान महेंद्र वर्मा (30 वर्ष), पुत्र हरिदास वर्मा, निवासी ग्राम व पोस्ट खमरोली, थाना कालसी के रूप में हुई है। महेंद्र विकासनगर के कैनाल रोड स्थित पहाड़ी गली चौक के पास किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। देर रात सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महेंद्र कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटका मिला।
मृतक के भाई अशोक वर्मा ने उसे नीचे उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव में था महेंद्र
पुलिस के अनुसार, महेंद्र और उसकी पत्नी दोनों एक होटल में काम करते थे। बीते कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक तनाव और अनबन चल रही थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद से महेंद्र उसे तलाश रहा था और मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था।
बताया गया है कि दंपती की शादी को लगभग तीन साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी।
9 पन्नों का सुसाइड नोट और वीडियो संदेश ने झकझोरा
घटनास्थल से पुलिस को महेंद्र का मोबाइल फोन, 9 पन्नों का सुसाइड नोट और कुछ वीडियो संदेश मिले हैं। सुसाइड नोट और वीडियो में महेंद्र ने स्पष्ट रूप से लिखा और कहा है कि वह पत्नी और ससुराल पक्ष के व्यवहार से मानसिक रूप से टूट चुका था।
वीडियो संदेश में उसने आरोप लगाया कि पत्नी के भाइयों द्वारा उससे चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। साथ ही उसने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित संबंधों का भी जिक्र किया है।
पिता की तहरीर पर पत्नी व ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता हरिदास वर्मा ने विकासनगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर बहू और उसके मायके वालों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। तहरीर, सुसाइड नोट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते महेंद्र की मानसिक स्थिति को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसांई ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। सुसाइड नोट, वीडियो संदेश और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर उनका परीक्षण किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


