
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं के दामों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें: CM
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूली न हो। मांग-आपूर्ति की स्थिति पर भी लगातार नजर रखने को कहा गया है।
शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करे प्रशासन: CM
सीएम ने सभी जिलों में नियमित बाजार निरीक्षण करने, स्टॉक और निर्धारित व प्रचलित बाजार मूल्यों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनियमितता, कालाबाजारी या जमाखोरी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में शासन और जिला प्रशासन आपसी समन्वय से बाजार पर सतत निगरानी रखें और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।


