आगरा के किनारी बाजार में एक शोरूम से ग्राहक बनकर आए शातिर ने 15 लाख रुपये की सोने की चेन चुरा ली। चोर ने बड़ी चालाकी से 80 ग्राम की चेन अपनी उंगलियों …और पढ़ें
आगरा। कोतवाली के व्यस्त किनारी बाजार में शोरूम में ग्राहक बनकर आया शातिर हाथ की सफाई दिखा 15 लाख की सोने की चेन को अंगुलियों में फंसा कर ले गया।
सीसीटीवी कैमरे में शातिर की हरकत की फुटेज आने पर सर्राफ ने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित के डीसीपी से गुहार लगाने पर पांच दिन बाद मुकदमा दर्ज हो सका।
कमला नगर निवासी सक्षम जैन की किनारी बाजार में अरिहंत आर्नामेंट्स के नाम से सराफा की दुकान है। वह होलसेल का काम भी करते हैं। सक्षम जैन ने बताया कि 31 जनवरी को वह अपनी पत्नी को दिखाने के लिए अस्पताल लेकर गए थे।
उनकी जगह दुकान पर पिता मनीष जैन बैठे थे। शाम साढ़े चार बजे बाइक पर दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक दुकान में आया, उसका साथी बाइक पर खड़ा रहा।
युवक ने उनसे सोने की चेन दिखाने को कहा। पिता मनीष सोने की चेन का बाक्स काउंटर पर रख दिया। बाक्स में पुड़िया में रखी एक-एक चेन निकालकर युवक को दिखाने लगे।
युवक चेन देखने के दौरान उसका वजन और मूल्य पूछता रहा। इस बीच दुकान के बाहर खड़ा युवक का साथी भी वहां आ गया। वह एक अन्य दुकान का पता पूछने लगा। काउंटर पर मौजूद कर्मचारी युवक के साथी को दुकान का पता बताने लगा।
इसी दौरान चेन देखने वाले युवक ने अपनी अंगुलियों के बीच एक पुड़िया को दबाकर धीरे से जेब में डाल दिया। युवक की हरकत का उस समय मनीष जैन को पता नहीं चला। युवक कुछ देर बाद बिना खरीदारी किए चला गया।
रात में दुकान बंद करने से पहले सोने के जेवरात का वजन करने पर एक चेन कम निकली।सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखने युवक की हरकत पकड़ में आ गयी। युवक 80 ग्राम सोने की चेन ले गया था। जिसका मूल्य 15 लाख रुपये था। सक्षम जैन ने कोतवाली थाने में तहरीर दी।
आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। वह दो दिन तक चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस हर बार जांच का अाश्वासन देती रही।
तीन फरवरी को डीसीपी सिटी से शिकायत करने पर उन्होंने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। तब जाकर पांच फरवरी को उनका मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


