हरिद्वार में भाजपा नेता को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत; CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना

खबर शेयर करें -

 

हरिद्वार के शिवालिकनगर क्षेत्र में भाजपा नेता विकास गोयल की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घर के बाहर गमलों में पानी डाल रहे विकास गोयल को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विकास गोयल को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर देहरादून के हायर सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार शाम उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा चार दिन पहले शिवालिकनगर के एन क्लस्टर क्षेत्र में हुआ था। भाजपा के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ से जुड़े विकास गोयल अपने घर के बाहर बने छोटे गार्डन में पौधों को पानी दे रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गार्डन की तारबाड़ तोड़ते हुए सीधे अंदर घुस गई और विकास गोयल को अपनी चपेट में ले लिया। कार उन्हें टक्कर मारने के बाद एक पेड़ से जा टकराई।

यह भी पढ़ें -  आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने गौलापुल एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निरीक्षण कर, हल्के वाहनों के लिए 20 दिनों के भीतर गौला पुल पर यातायात प्रारम्भ करने के निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिये।

हादसे की आवाज और विकास गोयल की चीख सुनकर उनकी पत्नी श्वेता गोयल और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भूमानंद अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून स्थित हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें -  पहाड़-मैदान विवाद पर आज निकलेगी रैली, नेगी दा ने किया था ‘स्वाभिमान रैली’ का समर्थन

घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि विकास गोयल सामान्य रूप से पौधों को पानी दे रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार सीधे उन पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा था।

भाजपा नेता की मौत के बाद उनकी पत्नी श्वेता गोयल ने रानीपुर कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें -  अल्मोड़ा बस हादसा: एम्स ऋषिकेश पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, हादसे में घायल लोगों का जाना हालचाल

रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार का नंबर हरिद्वार का ही है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विकास गोयल के निधन पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999