
लालकुआं। लालकुआं हाईवे पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुवाल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से डिवाइडर पर लगा स्ट्रीट लाइट का विद्युत पोल भरभराकर बीच सड़क पर गिर पड़ा। पोल गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे किच्छा की ओर से पुवाल से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लालकुआं की ओर आ रही थी। ट्रांसपोर्ट नगर के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल उखड़कर सड़क पर जा गिरा। उस समय लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहा एक स्कूटी सवार भी वहां से गुजर रहा था। पोल की चपेट में आने से वह बाल-बाल बचा। यदि कुछ पल का भी अंतर नहीं होता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
बीच हाईवे पर पोल गिरा, 45 मिनट तक थमा यातायात
सड़क के बीचोंबीच विद्युत पोल गिरने से हाईवे के एक तरफ का यातायात करीब 45 मिनट तक ठप रहा। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम कई किलोमीटर तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और सभासद धन सिंह बिष्ट को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद विद्युत विभाग और नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने मशक्कत करते हुए पोल को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
हाईवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाने और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने में लालकुआं कोतवाली पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस घटना ने हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे लगे विद्युत पोलों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि पोल गिरने के दौरान स्कूटी सवार की जान बच गई, अन्यथा यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।


