
देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए पांच जिलों में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में सतर्कता बढ़ा दी है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
प्रशासन को संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मौसम बिगड़ने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को मशीनरी तैयार रखने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट रहने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
प्रशासन ने आमजन से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और सड़क मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
आपदा या किसी आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने मौसम संबंधी चेतावनी को गंभीरता से लेने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है


