
हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। करीब 200 लोगों ने राजपुरा पुलिस चौकी का घेराव कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने तस्करों के कथित अड्डों तक पहुंचकर भी विरोध जताया और नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राजपुरा क्षेत्र में स्मैक, चरस और अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं और कई परिवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि नशे के कारण क्षेत्र के कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता हेमंत साहू और पार्षद धर्मवीर ने कहा कि राजपुरा में स्मैक, चरस और अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस की कथित निष्क्रियता से नशा कारोबारियों के हौसले बढ़ रहे हैं और जनता में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
वहीं, पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान और पूर्व रामलीला कमेटी अध्यक्ष त्रिलोक बनौली ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर अवैध नशे का कारोबार लंबे समय तक चलने के आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
पुलिस से ये मांगें
प्रदर्शनकारियों ने राजपुरा क्षेत्र में नशे के कथित अवैध ठिकानों को चिन्हित कर तत्काल छापेमारी, नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए विशेष जागरूकता एवं रोकथाम अभियान चलाने की मांग की।
घेराव और प्रदर्शन में त्रिलोक बनौली, पंडित हरिप्रसाद, अरविंद वाल्मीकि, मधु कश्यप, माया कश्यप, भविष्य रावत, अशोक पांडे, दीपक आर्या, प्रकाश आर्या समेत करीब 200 लोग शामिल रहे।
Video Player


