
चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी सामग्री डाउनलोड करने और साझा करने के मामले में केंद्रीय एजेंसी से मिली रिपोर्ट के बाद कुमाऊं यूनिट की साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। गृह मंत्रालय के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने नैनीताल के काठगोदाम क्षेत्र में एक एमएससी प्रथम वर्ष के छात्र के घर दबिश दी।
काठगोदाम में Msc छात्र के घर साइबर पुलिस की दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, काठगोदाम क्षेत्र के कृष्णा विहार कॉलोनी, दमुवाढूंगा निवासी नीलाभ राज शाही पुत्र दीपेंद्र सिंह शाही के संबंध में केंद्रीय साइबर एजेंसी को चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन एंड एब्यूज मटेरियल (CSEAM) से संबंधित रिपोर्ट मिली थी। यह रिपोर्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित सामग्री को डाउनलोड करने, साझा करने अथवा प्रसारित किए जाने से जुड़ी साइबर टिपलाइन सूचना के आधार पर सामने आई।
केंद्रीय एजेंसी की जानकारी के बाद सक्रिय हुई कुमाऊं पुलिस
केंद्रीय एजेंसी से जानकारी मिलने के बाद कुमाऊं यूनिट साइबर थाना पुलिस सक्रिय हुई। शनिवार शाम साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र के घर दबिश दी। टीम ने मौके से छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लिया और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। इसके अलावा छात्र की मां के मोबाइल फोन के इस्तेमाल और उससे जुड़ी गतिविधियों की भी पड़ताल की गई।
व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो साझा किए जाने की जानकारी
मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को व्हाट्सएप पर TW CLASS नाम से बनाए गए एक ग्रुप की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि छात्र को इस ग्रुप में एडमिन तरुण बृजवासी की ओर से जोड़ा गया था। आरोप है कि ग्रुप में अश्लील वीडियो साझा किए जा रहे थे। साइबर टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रुप में वीडियो किसने साझा किए, छात्र की इसमें क्या भूमिका थी और इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पोलैंड में बिताए ढाई महीने की गतिविधियों की भी जांच
पुलिस जांच में छात्र के सितंबर 2025 में पोलैंड जाने की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि छात्र वहां करीब ढाई महीने तक रहा था। साइबर पुलिस उसके विदेश प्रवास के दौरान की गतिविधियों और मामले से जुड़े संभावित डिजिटल कनेक्शन की भी जांच कर रही है। हालांकि, विदेश प्रवास और मौजूदा मामले के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने कब्जे में लिया फोन: अरुण
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी से सूचना प्राप्त होने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मोबाइल फोन कब्जे में लिया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और छात्र को नोटिस दिया गया है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल साइबर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित सामग्री कहां से डाउनलोड की गई थी, व्हाट्सएप ग्रुप में किसकी क्या भूमिका थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी


