
देहरादून न्यूज़– राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई युवती की हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मामले में प्रथम दृष्टया चौकी स्तर पर गंभीर चूक पाए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की प्राथमिक जांच सिटी क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से चौकी प्रभारी की लापरवाही की पुष्टि हुई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका गुंजन ने 31 जनवरी को आरोपी आकाश के खिलाफ अपनी जान को खतरा बताते हुए खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी आकाश शादीशुदा था और वह गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था। घटना से तीन दिन पहले भी आरोपी द्वारा धमकी देने की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन उस समय भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस बीच पुलिस ने हत्या के आरोपी आकाश (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घरेलू तनाव और पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद वह आक्रोशित था, जिसके चलते उसने बीच बाजार में युवती की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे।


