
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के काफी निकटतम का मिल सकता है फायदा।
हाईकमान तक पहुंची भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाज।
भुजान( अल्मोड़ा)
- उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त हो रही सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष रवि मोहन अग्रवाल को मनोनीत करने की मांग क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल सहित भाजपा के जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों समेत प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों ने भी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन को पत्र भेजकर उनके मनोनयन का अनुरोध किया है।
बता दें कि चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। चूंकि उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 47 विधायकों का स्पष्ट और मजबूत बहुमत है, इसलिए भाजपा प्रत्याशी की जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते प्रदेश की सियासत में नए चेहरों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी क्रम में, भाजपा के भीतर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रवि मोहन अग्रवाल को राज्यसभा सदस्य बनाने की मांग तेजी से जोर पकड़ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या शीर्ष नेतृत्व कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान करते हुए रवि मोहन अग्रवाल के नाम पर मुहर लगाता है या फिर किसी अन्य चेहरे को आगे बढ़ाता है।
रवि मोहन अग्रवाल को राज्यसभा भेजने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा धड़ा खुलकर लामबंद हो रहा है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बेहद करीबी और विश्वसनीय माने जाने वाले रवि मोहन अग्रवाल की छवि संगठन के प्रति समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता की रही है।
उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव 16 अक्टूबर को होना है। समर्थन में भेजे गए पत्रों में नेताओं ने कहा कि अग्रवाल लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं और विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों के साथ सरकार की ओर से सौंपे गए कार्यों का भी निर्वहन करते रहे हैं।
रवि मोहन अग्रवाल पहाड़ी मूल के होने के कारण पर्वतीय ओर मैदानी दोनों क्षेत्रों मे बराबर की पकड़ रखते है। कुमाऊँ एवं गढ़वाल क्षेत्र के कद्दावर नेताओं नें उनके नाम की पैरवी की। इधर रवि मोहन अग्रवाल का कहना है, जो भी हाई कमान का निर्देश होगा वह मान्य होगा। मैं तो एक छोटा सा भाजपा का सिपाही हूं।
भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने कहा कि रवि मोहन अग्रवाल लंबे समय से पार्टी व संगठन में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रवि मोहन अग्रवाल को राज्यसभा सांसद बनाए जाने से पार्टी व संगठन को मजबूती मिलेगी।
मांग करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीप भगत व गिरीश भगत, जिला महामंत्री भूपेंद्र कांडपाल, वरिष्ठ नेता मोहन नेगी सहित अनेकों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं।


