
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में छह युवकों ने अपनी जान दांव पर लगा दी। हरिद्वार के सप्तऋषि घाट के सामने गंगा पार कर हाथियों के झुंड के बेहद करीब पहुंचकर सेल्फी और वीडियो बना रहे युवकों पर अचानक गजराज टूट पड़े। हाथियों को अपनी ओर दौड़ता देख युवकों में भगदड़ मच गई। दो युवक तो हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए, लेकिन किसी तरह दौड़कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार छह युवक गंगा स्नान के लिए सप्तऋषि घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान उन्हें गंगा के दूसरी ओर आठ से दस हाथियों का झुंड दिखाई दिया। रोमांच और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने की सनक में युवक गंगा पार कर हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए और मोबाइल से फोटो व वीडियो बनाने लगे।
जैसे ही युवकों ने और करीब जाने की कोशिश की, हाथी आक्रामक हो गए और पूरा झुंड उनकी ओर दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए सभी युवक अलग-अलग दिशाओं में भागे। इस दौरान दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए, जिससे कुछ पल के लिए उनकी जान पर बन आई। हालांकि, उन्होंने तेजी से दौड़ लगाकर खुद को सुरक्षित बचा लिया।
घाट पर मौजूद एक युवक ने पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली। वायरल वीडियो में हाथियों का झुंड युवकों का पीछा करता साफ दिखाई दे रहा है। यदि हाथी कुछ और करीब पहुंच जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी।
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम ने हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि फोटो या वीडियो बनाने के लिए वन्यजीवों के पास न जाएं। वन क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करना और जंगली जानवरों के करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है। वन विभाग ने नागरिकों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


