
मंगलौर नहर किनारे सिर कटा शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया
मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में नहर किनारे मंगलवार को एक महिला का सिर कटा शव बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। सिंचाई विभाग के कार्यालय के सामने शव पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका की हत्या उसकी सौतेली बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी आशीष चौहान के साथ मिलकर की। बताया जा रहा है कि वारदात को कार के अंदर अंजाम दिया गया। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद किया गया और मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से पहाड़ की ओर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या की वजह बनी पहेली
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल के अनुसार, मामले की जांच जारी है और पुलिस बुधवार को पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सकती है।
नहर किनारे मिले सिर कटे शव ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अब हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है


