

राजकीय महाविद्यालय पाटी, चम्पावत (उत्तराखंड) में SIR 2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता एवं ‘शंका-समाधान-संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, दावे एवं आपत्तियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करना और उनकी शंकाओं का समाधान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. भूप सिंह धामी, सेक्टर मजिस्ट्रेट एसआईआर ने SIR 2026 की प्रक्रिया, मतदाता सूची के सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराने तथा मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। SVEEP नोडल अधिकारी डॉ. गीता तिवारी पाण्डे ने मतदाता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जिम्मेदार नागरिक के रूप में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राकेश कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने, अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा SIR 2026 एवं मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका मुख्य वक्ता द्वारा सरल एवं तथ्यपरक ढंग से समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की SVEEP गतिविधियों के अंतर्गत किया गया। इस अवसर पर आई टी विभाग से रघुवेन्द्र सिंह महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ डी वी सिंह डॉ के के मिश्रा डॉ ममता मिश्रा डॉ हिना परवीन डॉ सपना डॉ प्रमोद वर्मा डॉ ऋतु श्रीमती निर्मला श्री भगवती प्रसाद एवं महाविद्यालय के छात्र छात्राओ ने सक्रिय सहभागिता की।


