बिंदुखत्ता को CM धामी की दो बड़ी सौगात, प्रहलाद दा की याद में बनेगा स्कूल-स्टेडियम; 1000 लोगों के लिए बनेगा सांस्कृतिक हॉल

खबर शेयर करें -

लालकुआं (बिंदुखत्ता)– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को दो बड़ी सौगात देते हुए 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक हॉल बनाने और महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम समेत प्रस्तावित विकास कार्य कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्वर्गीय लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई भी दी।

1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बिंदुखत्ता में समय-समय पर बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे आयोजनों के लिए क्षेत्र में एक बड़े सांस्कृतिक हॉल की आवश्यकता है। इसे देखते हुए सरकार यहां कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनाएगी।

वहीं, महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति को संजोने के लिए स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन कार्यों की मांग रखी गई है, उन्हें भी पूरा कराया जाएगा।

प्रहलाद दा के गीतों में बसती थी पहाड़ की संस्कृति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं थे, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के लोगों का जीवन, संघर्ष और सामाजिक परिस्थितियां झलकती थीं।

यह भी पढ़ें -  Asia Cup 2025 Schedule आया सामने, भारत-पाकिस्तान का मुकाबला इस दिन

उन्होंने उनके प्रसिद्ध गीत ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया। वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी पहचान यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला लोगों के बीच जीवित रहे। प्रहलाद दा ने अपने गीतों के माध्यम से यह पहचान बनाई है। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों की सराहना करते हुए कहा कि वे उनकी स्मृतियों और लोककला को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

लोकसंस्कृति और विरासत को बचाने का माध्यम है लोकथात महोत्सव

सीएम धामी ने कहा कि लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ हमारी विरासत है। लोकथात महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहें।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की लोकभाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत में भी प्रदेश की असली पहचान बसती है। आधुनिकता के दौर में ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

यह भी पढ़ें -  श्री कैंची धाम स्थापना दिवस/मेला 2026 हेतु ट्रैफिक प्लान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ-साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। सड़कों, रेल और हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के साथ मंदिरों और सांस्कृतिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार भी कराया जा रहा है।

लालकुआं विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और पूरे हो चुके विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नकायल पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है। वहीं विजयपुर गौला पार में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

बिंदुखत्ता में बिजली व्यवस्था के लिए 30 करोड़ खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिंदुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत नए बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

यह भी पढ़ें -  80फुट गहरे खड्ड में गिरा थार वाहन, सहायक प्रोफेसर की हुई मौत

उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा से संचालित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई कर रही है। साथ ही भारत सरकार से भी लगातार बातचीत की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान वनाधिकार समिति बिंदुखत्ता के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राजस्व ग्राम के मुद्दे पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

महोत्सव के समापन अवसर पर लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे

ADVERTISEMENTS
Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999