
टनकपुर/चंपावत। चंपावत जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शारदा नदी के ठुलीगाड़ क्षेत्र में पार्टी मनाने गए चार दोस्तों में से दो सगे भाई तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि दोनों युवकों की तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार टनकपुर के इमली पड़ाव और वर्मा लाइन क्षेत्र निवासी चार दोस्त शारदा नदी किनारे ब्रह्मकुंड के पास घूमने और पार्टी करने पहुंचे थे। सभी ने नदी किनारे भोजन बनाया और समय बिताने के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान नदी के तेज बहाव ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया।
काफी प्रयास के बाद सलीम और मोईन किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन तरुण सक्सेना (20 वर्ष) और नैतिक सक्सेना (18 वर्ष) नदी की तेज धारा में बह गए। दोनों युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।
बूम चौकी प्रभारी संदीप पिलख्वाल के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल पाया था।
बताया जा रहा है कि डूबे हुए दोनों युवक सगे भाई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे विशेष सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न उतरने की अपील की है।


