बेकाबू डंपर बैंक में घुसा, ट्रांसफार्मर और एटीएम क्षतिग्रस्त

खबर शेयर करें -

दुर्घटना में चालक गंभीर घायल, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया

काशीपुर। शहर में देर रात एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर को तोड़ता हुआ बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में जा घुसा। हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के चलते क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें -  चोरगलियां प्रकरण में विधायक लालकुआं के पक्ष में गवाही देने के लिए नामित दो युवक मुकरे,कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और सीओ लालकुआं से हुई यह वार्ता

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब तीन बजे डंपर संख्या यूपी 22 सीटी 5179 अलीगंज रोड पर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों को तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया। डंपर की टक्कर से खंभों पर रखा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वाहन सीधे बैंक ऑफ इंडिया की शाखा की इमारत से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैंक परिसर में स्थित एटीएम भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल में शिक्षा विवाद: निजी विद्यालयों में शुल्क वसूली, महंगी पुस्तकों का दबाव और प्रशासनिक कार्रवाई केवल नोटिस तक सिमटा ,अब नोटिस नहीं कड़ी कार्यवाही व दंडात्मक कार्यवाही की उठी मांग।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चालक वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो जाने से आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। रातभर लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। वहीं बैंक भवन और एटीएम को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999