
अल्मोड़ा। रानीखेत से लापता हुई नाबालिग किशोरी को अल्मोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। किशोरी को अल्मोड़ा के खोल्टा क्षेत्र स्थित आरोपी के किराये के कमरे से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को रानीखेत निवासी गिरीश राम ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री एक दिन पहले बिना बताए घर से चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रानीखेत, मजखाली और खैरना क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संभावित ठिकानों और होटलों में तलाश की गई तथा सर्विलांस की भी मदद ली गई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दिनेश चंद्र (26) पुत्र मोहन राम, निवासी ग्राम कयाला, हवालबाग, अल्मोड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 10 अगस्त को किशोरी को खोल्टा, अल्मोड़ा स्थित आरोपी के किराये के कमरे से बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी के बयानों के आधार पर मामले में धारा 140(3) बीएनएस हटाकर धारा 137(2), 64(1) बीएनएस तथा धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक हेमा कार्की, हेड कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, एसओजी कांस्टेबल राजेश भट्ट और महिला कांस्टेबल रितु कोरंगा शामिल रहे।


