
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 10 अगस्त 2026 को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर की संभावना है।
मौसम की चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 10 अगस्त 2026 (सोमवार) को बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन ने जारी किए निर्देश
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए 10 अगस्त को जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित विद्यालय या संस्था के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।


