
भवाली: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे, जिनमें अमेरिका से आए विदेशी भक्त मैक्स विलियम्स भी शामिल रहे।मैक्स विलियम्स वर्ष 2020 में रामदास जी के व्याख्यानों से प्रेरित होकर अध्यात्म की ओर आकर्षित हुए थे। तब से ही उनका जीवन पूरी तरह से बाबा नीब करौरी महाराज की सेवा और भक्ति को समर्पित है। स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर वे अपने अन्य साथी भक्तों के साथ पहली बार कैंची धाम पहुंचे।अपनी पहली यात्रा के अनुभव को साझा करते हुए मैक्स भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “यहाँ आकर मुझे असीम शांति की अनुभूति हो रही है। यहाँ का वातावरण और लोग बहुत ही मिलनसार व दयालु हैं। जैसे ही मैंने इस पावन भूमि पर कदम रखा, मुझे ऐसा महसूस हुआ मानो स्वयं बाबा ने मुझे अपने घर वापस बुला लिया हो।”उन्होंने नैनीताल पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं की भी सराहना की। भारी भीड़ के बावजूद सुचारु प्रबंधन को लेकर उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।स्थापना दिवस पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिल सके।


