
उत्तराखंड बीजेपी की आज बड़ी बैठक होनी है। बैठक में टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार लोकसभा सीट को लेकर समीक्षा की जा रही है। जिसमें संगठन और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उत्तराखंड BJP की बड़ी बैठक आज
भाजपा मुख्यालय में तीनों लोकसभाओं टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार सीट को लेकर समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में बैठक शुरू हो गई है। बताया जा रहा है बैठक में संगठन और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होनी है। साथ ही विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर भी चर्चा संभव है।
बैठक में सांसद समेत विधायक भी मौजूद
बैठक में टिहरी सांसद, विधायक, उत्तरकाशी और देहरादून के जिला अध्यक्ष भी मौजूद हैं। बैठक की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी की ओर से लगातार ऐसी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इससे पहले नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुख, दायित्वधारी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की गई हैं।
जिलावार आयोजित की जा रही बैठकें: CM
इसी क्रम में कुमाऊं मंडल में प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के विधायकों और सांसदों के साथ बैठकें की गईं और अब गढ़वाल क्षेत्र की लोकसभा सीटों को लेकर यह बैठक हो रही है। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान क्षेत्रवार समीक्षा के साथ जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा


