
बीते कई दिनों से मानसून का कहर उत्तराखंड में देखने को मिल रहा है। आसमानी आफत ने खासकर पहाड़ी इलाकों में जन-जीवन अयस्त-वयस्त कर दिया है। इसी बीच राजधानी देहरादून में भी बारिश का कहर देखने को मिला है। यहां विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार ढह गई है। जिससे मकानों को तो भारी नुकसान हुआ ही है। साथ ही एक महिला भी घायल हो गई है।
देहरादून में भारी बारिश से खाला बस्ती में ढही सुरक्षा दीवार
राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रिहायशी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई। जिससे दो से तीन मकानों को भारी नुकसान पहुंचा और कई घर मलबे में तब्दील हो गए। इस हादसे में एक महिला घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

घटना स्थल पर पहुंचे डीएम और गणेश जोशी
घटना की सूचना मिलते ही राहत बचाव दल और प्रशासन मौके पर पहुंचे। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डीएम देहरादून भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। मंत्री गणेश जोशी ने खुद देर रात तक मौके पर रहकर राहत-बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग की। प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव मदद पहुंचाए जाने और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।


