




स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026” के 16वें दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा रानीबाग क्षेत्र में गार्गी नदी, घाटों, अंतिम संस्कार स्थल एवं मंदिर मार्ग पर वृहद स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य गार्गी नदी को प्रदूषण मुक्त रखना तथा धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण घाटों एवं मंदिर परिसर मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना रहा।
अभियान के दौरान गार्गी नदी व उसके किनारों में जमा प्लास्टिक, घरेलू कचरा व अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि नदी तल और तटवर्ती क्षेत्र में कोई अनुपयोगी सामग्री न रहे।
*घाट व अंतिम संस्कार स्थल की सफाई*
नदी से जुड़े घाटों तथा अंतिम संस्कार हेतु प्रयोग होने वाले क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। लंबे समय से पड़े पुराने वस्त्रों व अन्य सामग्री को हटाकर पूरे परिसर को स्वच्छ किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि धार्मिक स्थलों पर सामग्री इधर-उधर न छोड़ें और निर्धारित व्यवस्था का पालन करें।
मंदिर एवं घाट तक पहुंचने वाले मार्गों से कचरा हटाकर श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सुगम बनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को पॉलीथिन का प्रयोग न करने और कचरा डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।
*जन-जागरूकता पर जोर*
नगर निगम टीम ने स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को समझाया कि नदी-घाटों की स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। लोगों से नदी में कचरा व धार्मिक सामग्री प्रवाहित न करने तथा स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
अभियान में बैंणी सेना प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, सफाई निरीक्षक शुभम, दीपक, कार्तिक, SBM टीम से मनीष पांडे सहित निगम के सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम नागरिकों से अपील करता है कि गार्गी नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
“नदी हमारी धरोहर है, इसे स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी है


