तेज रफ्तार टाटा मैजिक बनी मौत का कहर : पैदल यात्री को घसीटा, फिर ई-रिक्शा में मारी टक्कर, -महिला-बच्चे समेत 5 गंभीर घायल

खबर शेयर करें -

 

हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला, जब एक बेकाबू टाटा मैजिक ने पहले एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी और उसे कुछ दूरी तक घसीटने के बाद गलत दिशा में जाकर एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में महिला और बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के करीब 10 दिन बाद कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हर्ष विहार, दिल्ली निवासी हरिश बिष्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जून को उनकी पत्नी, दो बच्चे और सास गन्ना सेंटर से ई-रिक्शा में सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने पहले सड़क पर पैदल चल रहे पिथौरागढ़ निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने उन्हें कुछ दूरी तक घसीटा और फिर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टाटा मैजिक गलत दिशा में जाकर ई-रिक्शा से भिड़ गई।

यह भी पढ़ें -  पूर्व सीएम हरदा ने किया क्षतिग्रस्त टनकपुर-सितारगंज मार्ग का निरीक्षण, निर्माणकार्यों की धीमी गति पर उठाए सवाल

हादसे में ई-रिक्शा सवार कमला देवी, गोदावरी देवी, मान्वी, कार्तिक तथा ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल गोदावरी देवी और त्रिलोक सिंह बिष्ट का ट्रॉमा आईसीयू में उपचार चल रहा है, जबकि बालक कार्तिक पीआईसीयू में भर्ती है।

कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999